Skip to main content

अहमदाबाद से महाराष्ट्र के 3 ज्योतिर्लिंग रोड ट्रिप गाइड: रूट, बजट और पूरी जानकारी

महाराष्ट्र रोड ट्रिप गाइड

शैव परंपरा के पवित्र बारह ज्योतिर्लिंगों में से तीन ज्योतिर्लिंग महाराष्ट्र में है। त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर तथा घृष्णेश्वर। शिव के श्रद्धालु यहाँ एक बार अवश्य ही जाते है। आज की इस पोस्ट में यही रोडट्रिप की विस्तृत माहिती होगी। मैंने यह रोडट्रिप 2025 की दीपावली पर की थी।

इस बार रोडट्रिप का उद्गमबिंदु यानि की स्टार्टिंग पॉइंट अहमदाबाद से होगा। यह रोडट्रिप गाइड बाई कार होने वाली है, तथा इस पोस्ट में रूट, खर्च, तथा अन्य जरुरी जानकारियां शामिल होगी, और हाँ इस पोस्ट के अंत में एक जरुरी बात भी है, आशा है वह आपको पसंद भी आए।

इस यात्रा के बारे में

यूँ तो अपने शहर से भी यह यात्रा की शुरुआत की जा सकती थी, पर अहमदाबाद से इस लिए शुरू कर रहा हूँ, क्योंकि अहमदाबाद गुजरात का केंद्र है। यह यात्रा अहमदाबाद से शुरू होगी, पहला पड़ाव त्र्यंबकेश्वर, दूसरा पड़ाव भीमाशंकर, तीसरा पड़ाव घृष्णेश्वर, और अंत में सापुतारा होकर घरवापसी होगी।

इस रोडट्रिप का मुख्य आकर्षण तीनों ज्योतिर्लिंग है। इसके उपरांत ऐतिहासिक अद्भुत एल्लोरा की गुफाएं, और पहाड़ी पर स्थित हिल स्टेशन सापुतारा भी है।

यात्रा की जरूरी जानकारी

जानकारी विवरण
शुरुआती स्थान अहमदाबाद, गुजरात
गंतव्य त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और एलोरा की गुफाएँ, महाराष्ट्र
कुल दूरी 1635 किलोमीटर, लगभग 31 घंटे
अनुमानित समय ड्राइविंग, दर्शन और घूमने के समय के अनुसार
सबसे अच्छा रूट अहमदाबाद → त्र्यंबकेश्वर → भीमाशंकर → घृष्णेश्वर → एलोरा की गुफाएँ
वाहन निजी कार
यात्रा की अवधि 5–7 दिन (प्रस्तावित, यात्रा की योजना के अनुसार)

गूगल मैप पर देखें पूरा रूट

कार से कैसे पहुँचें? (Route Guide)

DAY 1 : अहमदाबाद से त्र्यंबकेश्वर

तकरीबन 500 किलोमीटर है। अंदाजन 9 घंटे की ड्राइव रहेगी। जिसमे अहमदाबाद से वडोदरा एक्सप्रेसवे है, जो वडोदरा से दिल्ली-मुंबई हाईवे पर कनेक्ट हो जाता है। अभी यानि की १३/१०/२०२६ तक तो इस दिल्ही मुंबई एक्सप्रेसवे का काम पूरा नहीं हुआ है, पर चिखली से पहले खरेल के पास इस एक्सप्रेसवे से उतर कर पुराने अहमदाबाद-मुंबई हाईवे (स्वर्णिम चतुर्भुज) पर चलना पड़ता है। महाराष्ट्र में दाखिल होने के बाद चारोटी से एक रास्ता जव्हार होते हुए, अम्बोली घाट से सीधा त्र्यंबक में पहुँचता है।

चारोटी तक तो फोरलेन हाईवे है, चारोटी से त्र्यम्बक तक का रास्ता सिंगल लेन और पहाड़ी वाला घुमावदार है। अम्बोलीघाट के रास्तों में कार चलाने का मजा खूब आएगा। अगर अहमदाबाद से सवेरे छह बजे निकले हो तो दोपहर तीन बजे तक त्र्यम्बक पहुंचा जा सकता है। त्र्यम्बक में धर्मशाला से लेकर अच्छे होटल भी मिल जाते है। मंदिर रात्रि 9 बजे तक खुला रहता है।

त्र्यंबकेश्वर में ही ब्रह्मगिरि पर्वत है। सात पवित्र नदियों में से एक गोदावरी का उद्गम स्थान यहीं है। अगर समय है तो यहाँ एक दिन रूककर ब्रह्मगिरि का ट्रेक करना चाहिए।

DAY 2 : त्र्यंबकेश्वर से भीमाशंकर

त्र्यंबकेश्वर से भीमाशंकर अंदाजन 240 किलोमीटर है, जिसे तय करने में लगभग छह घंटे लग जाते है। त्र्यंबकेश्वर से नाशिक, सिन्नर, संगमनेर होते हुए इस नाशिक-पुणे हाईवे पर मंचर से रास्ता मुड जाता है भीमाशंकर के लिए। मंचर से भीमाशंकर तक सिंगल लेन सड़क है, और भरपूर घाट है। यह ज्योतिर्लिंग वर्तमान में वन्यजीव अभ्यारण में स्थित है, कईं बार बहुत ज्यादा ट्रैफिक हो जाने पर प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर से 2-3 किलोमीटर पीछे ही कार पार्क करवा लेते है।

त्र्यंबकेश्वर से सवेरे सात बजे निकल पाए, तो दोपहर एक बजे तक भीमाशंकर पहुँच सकते है। दर्शन का समय भीड़ पर निर्भर करता है। गुड़ी पड़वा जैसे त्यौहारों में चार घंटे लाइन में लग जाते है। भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग दर्शन के बाद यहाँ भीमा नदी का उद्गमस्थान है। कोंकण व्यू तथा मुंबई व्यू जैसे पॉइंट्स बने हुए है। पहाड़ी के ऊपर से निचे तक दूर दूर आह्लादक नज़ारे दीखते है। भीमाशंकर से वापसी में मंचर तक कईं सारे अच्छे होटल्स तथा लॉजिंग व्यवस्था मिल जाती है।

DAY 3 : भीमाशंकर से घृष्णेश्वर

भीमाशंकर से घृष्णेश्वर 300 किलोमीटर है। लगभग साढ़े पांच घंटे का सफर। मंचर तक वही घाटों से भरपूर रास्तों में चलना है। मंचर से वापिस पुणे-नाशिक हाईवे लेना है। और संगमनेर के बाद समृद्धि महामार्ग के लिए एक कनेक्टिंग रोड है। समृद्धि महामार्ग पर 17 नंबर एग्जिट लेने से वह रास्ता वेरुळ ले जाता है। वेरूळ में ही अपनी इस ट्रिप का तीसरा ज्योतिर्लिंग श्री घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग है।

DAY 4 : एल्लोरा की गुफाएं

यहाँ घृष्णेश्वर में भी धर्मशाला से लेकर लॉजिंग, तथा अच्छे होटल्स भी उपलब्ध है। ऐतिहासिक एल्लोरा की गुफाएं भी यहीं है। एल्लोरा की गुफाएं पूरी तरह देखने में पूरा एक दिन लग सकता है। कुल 34 गुफाएं है, पर ज्यादातर लोग बस कैलाश मंदिर देखकर ही लौट जाते है। मंगलवार को गुफाएं बंद रहती है। 40-50 रूपये की टिकट है। और टिकट्स वहीँ पर ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।

DAY 5 : घृष्णेश्वर से अहमदाबाद वाया सापुतारा

गुजरात में एकमात्र हिलस्टेशन सापुतारा है। वेरूळ से वापस समृद्धि महामार्ग से से होते हुए वैजापुर के लिए महामार्ग छोड़ देना है। वैजापुर से विंचुर, पिंपळगाँव और वणी होते हुए सापुतारा पहुंचना है। सापुतारा में हिल स्टेशन में होती तमाम एक्टिविटीज होती है। पैरा ग्लाइडिंग भी। सर्दियों में सापुतारा की प्रकृति देखने लायक होती है।

घृष्णेश्वर से अहमदाबाद 600 किलोमीटर है, तकरीबन बारह घंटे का सफर है। घृष्णेश्वर से निकलते ही नवसारी तक सिंगल लेन सड़क है। सापुतारा से वघई तक वनविस्तार है, और आह्लादक प्रकृति के बिच ड्राइविंग का आनंद और ही आता है।

रोड ट्रिप का अनुमानित बजट

खर्च अनुमान
ईंधन ₹8175 + TOLL (100 रूपये प्रति लीटर पेट्रोल, तथा 20 की माइलेज से)
भोजन ₹6000 (1000 रूपये प्रतिदिवस)
होटल ₹6000 (1500 रूपये, 4 रात्रि)
प्रवेश शुल्क/अन्य ₹1000
कुल अनुमान ₹21175 + TOLL

खर्च कार के माइलेज, ईंधन की कीमत, तथा भोजन खर्च यात्रियों की संख्या और यात्रा की अवधि के अनुसार बदल सकता है।

यात्रा से पहले जरूरी तैयारी

  • टायर, स्टेपनी, ब्रेक और इंजन ऑयल की जाँच।
  • गाड़ी के जरूरी दस्तावेज।
  • फास्टैग और भुगतान की तैयारी।
  • मोबाइल चार्जर और ऑफलाइन मैप।
  • पानी, जरूरी दवाइयाँ और प्राथमिक उपचार किट।
  • मौसम और यात्रा के दिन सड़क की स्थिति की जाँच।

मेरी सलाह और अनुभव

वर्ष 2025 की दीपावली की रात्रि को ही मैं कच्छ से इस यात्रा पर निकला था। मुझे यह यात्रा बड़ी ही रोचक, और उत्कंठा से भरपूर लगी थी। मुझे लॉन्गड्राइव्स काफी पसंद है, तो मैंने पहाड़ी घाट वाले रस्ते ज्यादा लिए थे। दिवाली के दिनों में इन तीनों ज्योतिर्लिंगों में अत्यधिक भीड़ थी, और सबसे ज्यादा समय केवल दर्शन की लाइन में व्यतीत हुआ था। मेरी उस रोडट्रिप के अनुभव सविस्तार पढ़ने के लिए मेरे ब्लॉग www.dilawarsinh.com की अवश्य मुलाकात लें।

इस यात्रा के अनुभव, रूट, बजट, सब कुछ मेरी पुस्तक "महाराष्ट्र में महादेव" में पढ़ने मिलेगा। यदि आपको यह पुस्तक रुचिकर लगता है, तो अमेज़न पर e-book उपलब्ध है।

मेरी पुस्तक

महाराष्ट्र में महादेव

इस यात्रा के अनुभव, रूट, बजट, सब कुछ मेरी पुस्तक "महाराष्ट्र में महादेव" में पढ़ने मिलेगा।

महाराष्ट्र में महादेव - ई-बुक का कवर

यदि आपको यह पुस्तक रुचिकर लगता है, तो अमेज़न पर e-book उपलब्ध है।

Amazon पर ई-बुक देखें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

1. महाराष्ट्र में कौन-कौन से तीन ज्योतिर्लिंग हैं?

महाराष्ट्र में त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर तीन ज्योतिर्लिंग हैं। इस रोड ट्रिप में इन तीनों मंदिरों के दर्शन के साथ एलोरा की गुफाओं और सापुतारा घूमने की योजना भी शामिल है।

2. अहमदाबाद से तीनों ज्योतिर्लिंग की रोड ट्रिप में कितने दिन लगते हैं?

इस यात्रा के लिए 5 से 7 दिन का समय रखा जा सकता है। वास्तविक समय दर्शन की भीड़, ड्राइविंग, रास्ते की स्थिति और घूमने की योजना पर निर्भर करेगा।

3. अहमदाबाद से महाराष्ट्र के तीनों ज्योतिर्लिंगों की कुल दूरी कितनी है?

इस रोड ट्रिप की अनुमानित कुल दूरी लगभग 1635 किलोमीटर है। वास्तविक दूरी चुने गए रूट और सापुतारा सहित अन्य पड़ावों के अनुसार बदल सकती है।

4. तीनों ज्योतिर्लिंग की कार यात्रा का अनुमानित बजट कितना है?

इस यात्रा का अनुमानित बजट ₹21,175 और टोल शुल्क है। इसमें ईंधन, भोजन, होटल और अन्य खर्च शामिल हैं। वास्तविक खर्च कार के माइलेज, ईंधन की कीमत, यात्रियों की संख्या और ठहरने की अवधि के अनुसार बदल सकता है।

5. क्या इस रोड ट्रिप में एलोरा की गुफाएं भी देख सकते हैं?

हाँ, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ एलोरा की ऐतिहासिक गुफाएं भी देखी जा सकती हैं। गुफाओं को विस्तार से देखने के लिए एक पूरा दिन रखना उपयोगी रहेगा। यात्रा से पहले आधिकारिक समय और टिकट की जानकारी अवश्य जाँच लें।

6. क्या अहमदाबाद से तीनों ज्योतिर्लिंग की यात्रा अपनी कार से की जा सकती है?

हाँ, इस यात्रा की योजना निजी कार से बनाई जा सकती है। हालांकि कुछ हिस्सों में पहाड़ी, घुमावदार और संकरी सड़कें हैं। निकलने से पहले वाहन की जाँच और रास्ते की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है।

7. इस रोड ट्रिप में सापुतारा क्यों शामिल किया गया है?

सापुतारा गुजरात का प्रसिद्ध हिल स्टेशन है। महाराष्ट्र के ज्योतिर्लिंगों की यात्रा के बाद यहाँ के प्राकृतिक नजारों और पहाड़ी वातावरण का आनंद लेते हुए अहमदाबाद वापस लौटने की योजना बनाई जा सकती है।

8. महाराष्ट्र के तीन ज्योतिर्लिंग की रोड ट्रिप पर निकलने से पहले क्या तैयारी करनी चाहिए?

कार के टायर, स्टेपनी, ब्रेक और इंजन ऑयल की जाँच करें। गाड़ी के दस्तावेज, FASTag, मोबाइल चार्जर, ऑफलाइन मैप, पानी और प्राथमिक उपचार किट साथ रखें। यात्रा से पहले मौसम, मंदिरों के दर्शन समय और सड़क की स्थिति भी जाँच लें।

Comments

Popular posts from this blog

ट्रैवल ब्लॉग की शुरुआत: नई जगहें, रोड ट्रिप्स और घूमने की पूरी जानकारी

A new journey begins सफर सिर्फ मंज़िल तक पहुँचने का नाम नहीं है! नई जगहें, अनजान रास्ते, खूबसूरत नज़ारे और रास्ते में मिलने वाली छोटी-बड़ी कहानियाँ। इसी सब को जानने और आपके साथ बाँटने के लिए इस ट्रैवल ब्लॉग की शुरुआत की है। Travel Guides Road Trips Hidden Places Travel Tips नमस्ते दोस्तों! कभी ऐसा हुआ है कि किसी जगह की तस्वीर देखकर आपका मन भी वहाँ जाने का करने लगा हो? कभी सड़क पर चलते हुए किसी अनजान रास्ते ने आपको अपनी तरफ खींचा हो? या फिर किसी दोस्त ने अपनी यात्रा का किस्सा सुनाया हो और आपने सोचा हो कि यार, एक बार यहाँ जाना तो बनता है! मेरे साथ तो ऐसा कई बार होता है। घूमना सिर्फ नई जगह देखने के लिए नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की भागदौड़ से थोड़ा बाहर निकलने, कुछ नया जानने और जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने का भी मौका है। तो स्वागत है आपका! यह ब्लॉग उन लोगों के लिए है जिन्हें घूमना पसंद है, जो अपनी अगली यात्रा की planning कर रहे हैं या फिर फिलहाल घर बैठे ही नई जगहों के बारे में जानना चाहते हैं। इस ...

भुज से शामळाजी, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और हल्दीघाटी रोड ट्रिप प्लानिंग : रूट, दूरी और बजट

भुज से राजस्थान के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक कार से रोड ट्रिप की योजना। सोच रहा हूँ, इस दिवाली पर दूसरी किसी जगहों पर तो घूमने जा नहीं पाऊंगा, तो कहीं नजदीक में ही घूम आऊं। हालाँकि भारत के इस पश्चिम छोर से तो बाकी तमाम जगहें दूर ही पड़ती है। गूगल मैप्स खोलते ही सबसे पहला ध्यान खिंचा शामळाजी ने। शामळाजी से उदयपुर भी नजदीक है, तो ट्रिप थोड़ी और खींची। फिर ख्याल आया, जब उदयपुर तक जा ही रहें है, तो चित्तौड़गढ़ भी शामिल कर लिया जाए। और चित्तोड़ शामिल हो गया फिर हल्दीघाटी को कैसे बिसरें? बस तो रूटमैप तो तैयार हो गया। भुज से शामळाजी, फिर उदयपुर, फिर चित्तौड़गढ़, फिर हल्दीघाटी, और फिर घरवापसी। प्लान तो केवल शामळाजी तक ही था, लेकिन उदयपुर में एक परिचित व्यापारी है, हर बार कहते है दिवाली पर आओ उदयपुर, तो सोचा इस बार उन्हें भी आजमा लिया जाए। और वैसे भी उदयपुर जाने का खूब मन था भी मेरा। बचपन से राणा प्रताप की शौर्य-गाथाओं से परिचित हूँ। चित्तोड़ दुर्ग की ख्याति खूब सुनी है, और हल्दीघाटी का समर.. रोडट्रिप का रूट और दूरी कुलमिलाकर 1417 किलोमीटर, लगभग 25 घंटों का सफर है। मैं अक्सर ऐसे ...